देहरादून : उत्तराखंड पुलिस के एक जवान ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है…जिसने लोगों का दिल जीत लिया। रमजान के पवित्र महीने में रोजा रखे होने के बावजूद उन्होंने एक जरूरतमंद महिला की जान बचाने के लिए रक्तदान किया।
23 फरवरी को पुलिस लाइन देहरादून में तैनात हेड कांस्टेबल इमरान अली को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि उत्तरकाशी निवासी एक व्यक्ति की पत्नी हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं और उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता है।
उस समय इमरान अली रोजे पर थे…लेकिन जैसे ही उन्हें स्थिति की गंभीरता का पता चला, उन्होंने बिना देर किए अस्पताल पहुंचने का निर्णय लिया। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने मानवता को प्राथमिकता देते हुए अपना रोजा तोड़ा और जरूरतमंद महिला को रक्तदान किया।
समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला के उपचार में मदद मिली और परिजनों ने राहत की सांस ली। महिला के परिवार ने इस संवेदनशील कदम के लिए दून पुलिस और हेड कांस्टेबल इमरान अली का आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है…बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और जिम्मेदार इंसान भी होता है, जो हर परिस्थिति में मानवता को सर्वोपरि रखता है।
