उत्तरकाशी। जिले के चिन्यालीसौड़ में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली आर्च ब्रिज पर चढ़ गए। उन्होंने जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए पुल से नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश करते रहे।
दरअसल, नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों ने वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए चार दिनों तक धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्या ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच के लिए उपजिलाधिकारी डुंडा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे सात दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी जांच से नाराज होकर पालिका अध्यक्ष ने विरोध का यह कदम उठाया और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक वह पुल से नीचे नहीं उतरेंगे।
इस बीच प्रशासनिक अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने में जुट गई। अधिकारियों ने अध्यक्ष से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि चिन्यालीसौड़ का यह आर्च ब्रिज भागीरथी नदी पर बना एक महत्वपूर्ण पुल है, जो दिचली-गमरी क्षेत्र के करीब 40 गांवों को जोड़ता है।
वहीं, इससे पहले सभासदों ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता, वित्तीय अधिकारों पर रोक और अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन किया था। सरकार की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया गया था।

फिलहाल पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
