हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चंडीघाट चौकी का घेराव कर हंगामा मचाया।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर कांगड़ी की ओर से तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार 40 वर्षीय प्रवेश, निवासी चंडीघाट बस्ती, हाल पता कांगड़ी, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रवेश अपनी पत्नी को कांगड़ी छोड़कर स्कूटी से हरिद्वार सामान लेने जा रहे थे।
हादसे के बाद कार सवार अन्य वाहनों में भी टक्कर मारी, जिससे दो और लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे में थे और उन्होंने इस हादसे को अंजाम दिया।
प्रवेश की मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में चंडीघाट चौकी पहुंचे। महिलाओं समेत कई लोग आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस के समझाने के बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई और कुछ लोगों ने पथराव भी किया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। मौके पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत कई अधिकारी पहुंचे और सुरक्षा को बहाल किया।
पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में ले लिया है, जो कार चला रहे थे। साथ ही कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

