प्राथमिक शिक्षक संघ
देहरादून के रेसकोर्स स्थित स्वर्गीय श्री पदम सिंह शिक्षक भवन में 01 मार्च 2026 को उत्तरांचल राज्य प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन / उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। समारोह का संचालन रायपुर ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद सोलंकी और सहायक अध्यापिका सपना पंवार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विश्वविद्यालय एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय (HNBGU) के भूविज्ञान विभागाध्यक्ष एवं प्रमुख भू वैज्ञानिक प्रोफेसर डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट रहे। उन्होंने छीर सागर से भगवान विष्णु के हिमालय में शालीग्राम स्वरूप में परिवर्तन के भू-गर्भ विज्ञान को स्वरचित कविता के माध्यम से रोचक अंदाज में प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात हाल ही में विकासनगर की शिक्षिका श्रीमती बिंजोला के सड़क दुर्घटना में निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही घायल शिक्षक प्रवीण वर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रसिद्ध बांसुरी वादक कैलाश ध्यानी ने हनुमान चालीसा की मधुर प्रस्तुति से आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। पूनम शर्मा, कविता खत्री और दीपा सिंह ने शिव एवं राधा-कृष्ण भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। कालसी के शिक्षक संदीप रावत ने “आजा तुझको पुकारे मेरे गीत रे” गीत प्रस्तुत किया, वहीं अन्य शिक्षकों ने भी गीत और कविताओं से समां बांधा।
गार्गी उप्रेती और आराध्या ने क्रमशः गढ़वाली और कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। अद्भुदय रावत ने वीर रस की स्वरचित कविता “मैं समय हूँ” का प्रभावशाली पाठ किया। महावीर सिंह चौहान, दिनेश भट्ट, डॉ. हेमवती नंदन भट्ट सहित अनेक शिक्षक कलाकारों ने गीत, कविता और जौनसारी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया।
समारोह के अंत में जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रावत ने सभी प्रतिभागी शिक्षक कलाकारों को संगठन की ओर से मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों और शिक्षक संघों के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
