देहरादून : देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों को तेज करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर अब तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं…उन्हें अधिकतम 20 दिनों के भीतर जारी किया जाए…ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी न हो। उन्होंने राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों के रख-रखाव पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सड़कों के बेहतर मेंटिनेंस के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित की जाए…जो नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम और सुरक्षित आवागमन सरकार की प्राथमिकता है।
बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी सड़कों के पैचवर्क कार्य वर्षा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की जिलास्तर पर नियमित समीक्षा करने और प्रक्रियाओं को तेज करने को कहा…ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने खेल अवसंरचना के विकास पर भी जोर देते हुए कहा कि जहां-जहां खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी की जाए…ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा, कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक सड़क चौड़ीकरण, कपकोट में विद्यालय संचालन और बागेश्वर जिला अस्पताल में सुविधाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
