चमोली जिले के गोपेश्वर क्षेत्र के पास ग्वीलों गांव के जंगलों में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चीड़ के जंगलों में लगी यह आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग धीरे-धीरे आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग गोपेश्वर और अलकनंदा वन प्रभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दोनों विभागों ने मिलकर समन्वय के साथ तेजी से कार्रवाई की और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के घरों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका सभासद दीपक बिष्ट ने कहा कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
वहीं, अलकनंदा वन प्रभाग के रेंज अधिकारी डबल सिंह खाती ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और फायर सर्विस को भी तत्काल बुलाया गया। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों के संयुक्त प्रयास से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
