देहरादून। प्रदेश सरकार ने राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए एलिवेटेड ई-बीआरटीएस सिस्टम की दिशा में काम शुरू कर दिया है। यह योजना लागू होने पर देश का पहला ऐसा मॉडल होगी, जिसमें सड़क के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाकर इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
इस सिस्टम में पिलर के ऊपर विशेष ट्रैक तैयार किया जाएगा, जहां बसें सामान्य ट्रैफिक से अलग और बिना रुकावट चलेंगी। सरकार इसे मेट्रो का सस्ता और तेज विकल्प मान रही है। योजना को आगे बढ़ाते हुए इसे हरिद्वार और ऋषिकेश से जोड़ने की भी तैयारी है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर हो सके।
कम लागत में मेट्रो जैसा समाधान
एलिवेटेड ई-बीआरटीएस मॉडल दुनिया के कुछ शहरों में सफल रहा है। चीन के शियामेन शहर में यह सिस्टम पहले से संचालित है और वहां इसे किफायती व प्रभावी परिवहन विकल्प माना गया है। देहरादून की भौगोलिक स्थिति और सीमित सड़क चौड़ाई को देखते हुए यह मॉडल यहां भी कारगर साबित हो सकता है।
इस सिस्टम में चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें करीब 150 यात्रियों की क्षमता वाली होंगी। इनमें एसी, डिजिटल डिस्प्ले, बड़े दरवाजे और आसान चढ़ने-उतरने जैसी सुविधाएं होंगी। साथ ही प्रदूषण भी कम होगा।

सरकार का कहना है कि इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसे जमीन पर उतारने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
