अल्मोड़ा। शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत गरीब परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन इस साल भी आवेदन उम्मीद से काफी कम आए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार अब तक केवल 847 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं, जबकि लक्ष्य इससे कहीं अधिक है।
RTE नियम के तहत निजी स्कूलों को 25 प्रतिशत सीटें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित करनी होती हैं। इनमें से 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए निर्धारित हैं। इसके बावजूद कम आवेदन आने से कई स्कूलों में सीटें खाली रह जाती हैं।
वर्तमान में आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही है और बीआरसी स्तर पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर ही बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन करें, ताकि उनके बच्चे इस योजना का लाभ उठा सकें और बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
