रुद्रपुर: रुद्रपुर में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाने वाले जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। आरोपी लंबे समय से बिना पंजीकरण के जनसेवा केंद्र चलाकर लोगों के लिए नकली दस्तावेज तैयार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के मछली बाजार स्थित गंगवार जनसेवा केंद्र पर 17 फरवरी को छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, कूटरचित अंकतालिकाएं और इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। मौके से रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 21 वर्षीय चेतन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो, नाम और पता बदलकर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षिक प्रमाण पत्र तैयार करता था। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और कंप्यूटर की जांच में कई फर्जी दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां भी बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और फर्जीवाड़े में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
