देहरादून: राजधानी देहरादून में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड सेना अधिकारी को शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंकज विहार शिमला बाईपास रोड निवासी रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक उन्हें “वर्तिका आनंद” नाम की महिला ने फोन कर संपर्क किया। उसने खुद को वेंचुरा सिक्योरिटीज लिमिटेड के सीईओ की सहायक बताया और शेयर बाजार में निवेश पर मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाया।
4 नवंबर 2025 को उन्हें व्हाट्सएप लिंक भेजकर “नेक्स्टजैन कैपिटल नेटवर्क” नाम के ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप में करीब 148 सदस्य और कई एडमिन थे। रोजाना शेयर बाजार को लेकर सलाह दी जाती थी…जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता गया।
5 नवंबर को पीड़ित को एक अलग वीआईपी ग्रुप में जोड़ा गया। यहां निजी तौर पर निवेश की सलाह दी गई। साइबर ठगों ने उनसे “वेंटसेक प्रो” नाम का मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और उसी के जरिए निवेश दिखाया गया। धीरे-धीरे अलग-अलग किश्तों में रिटायर्ड कर्नल से 11.20 लाख जमा करवा लिए गए। जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की तो संपर्क टूट गया और उन्हें सभी ग्रुप से हटा दिया गया।

साइबर क्राइम कंट्रोल पुलिस के एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है उनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान कॉल, लिंक या निवेश योजना पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।
