गैरसैंण : आगामी बजट सत्र को लेकर भराड़ीसैण स्थित विधानसभा परिसर में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कर्णप्रयाग से भराड़ीसैण तक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और जिम्मेदारियां तय की गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विधानसभा सत्र के दौरान बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग, शौचालय, साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल सुविधा, स्ट्रीट लाइट, विद्युत व्यवस्था, भोजन, आवास, हेलिपैड, एटीएम और सीसीटीवी कैमरों सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। पुलिस आवासीय भवनों और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क और वायरलेस कनेक्टिविटी मजबूत करने, शैडो एरिया चिन्हित कर अतिरिक्त संचार साधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। फेरी लगाने वालों, मजदूरों और होमस्टे में ठहरने वाले लोगों का गहन सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।
संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि बजट सत्र शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।