सविन बंसल
सविन बंसल ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करने वाले सेंट्रल गोदाम पर अचानक छापा मारकर निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर तारीख का स्पष्ट उल्लेख नहीं था, जबकि कुछ पर स्टैंप लगाकर तिथि दर्ज की गई थी। इसके अलावा गोदाम का संचालन भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया और वहां तापमान नियंत्रित रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
जांच के दौरान गोदाम परिसर में बाल श्रमिक भी काम करते पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी के अंडे तथा अन्य खाद्य सामग्री मार्च महीने में वितरित की जा रही थी, जिससे उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गोदाम में रखे रजिस्टर भी अद्यतन नहीं पाए गए और सामग्री आपूर्ति करने वाले संस्थान की ओर से जारी गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए निकल रहे वाहनों को भी रुकवाया और उनमें लोड खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लिए गए। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रवाना होने वाले थे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
