दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सक्रिय सदस्य शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, शब्बीर हाल ही में मेट्रो पोस्टर केस में पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा मॉड्यूल का हैंडलर था और भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए बांग्लादेश से ऑपरेट कर रहा था। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे और फंडिंग के तहत संचालित हो रहा था।
जांच में सामने आया कि शब्बीर सीधे तौर पर लश्कर के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में रहा है। वह बांग्लादेश से भारत में आतंकियों की भर्ती, ब्रेनवॉशिंग और फर्जी दस्तावेज बनवाकर उन्हें छिपाने का काम करता था। इसके अलावा, इस मॉड्यूल के जरिए दिल्ली और अन्य शहरों में रेकी की गई थी और संभावित बड़े आतंक हमलों की तैयारी चल रही थी। खासकर लालकिले जैसे संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही थी।
शब्बीर का आतंकवादी प्रोफाइल पुराना और खतरनाक है। उसे 2007 में दिल्ली पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय वह जमात-उद-दावा और LeT के शीर्ष आतंकियों के संपर्क में था और पाकिस्तान स्थित मुजफ्फराबाद कैंप से बेसिक और एडवांस ट्रेनिंग ले चुका था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश चला गया और वहां से फिर से आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करने लगा।
फरवरी 2026 में दिल्ली पुलिस द्वारा एक बड़े आतंक मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था, जिसमें 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 7 अवैध बांग्लादेशी नागरिक थे, जो फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपा रहे थे। जांच में पता चला कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड शब्बीर अहमद लोन था, जो भारत में बड़े आतंकी हमलों की योजना बना रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शब्बीर के गिरफ्तारी से इस बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ और समय रहते संभावित बड़े हमले को टाल दिया गया। यह गिरफ्तारी आतंकवाद रोधी प्रयासों में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

