देहरादून : उत्तराखंड पुलिस महकमे में शुक्रवार को बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। प्रशासनिक पुनर्संरचना के तहत कई जिलों के पुलिस कप्तानों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव को पुलिस व्यवस्था में नई रणनीति और सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह को उनके पद से हटाकर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में भेज दिया गया है। उनकी जगह परमेंद्र डोभाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। नए एसएसपी के रूप में परमेंद्र डोभाल जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।
वहीं नवनीत भुल्लर का तबादला हरिद्वार कर दिया गया है। इसके अलावा भी अन्य जिलों में पुलिस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। माना जा रहा है कि यह कदम कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सरकारी आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में नए तैनात अधिकारियों से कानून व्यवस्था को लेकर सख्त और सक्रिय रुख की उम्मीद जताई जा रही है।
