देहरादून: विकासनगर से खबर। त्यूणी बाजार में सरियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में ऊपर रखे सरिये कार में जा घुसे और कार कुछ दूर तक घिसटती चली गई। पास खड़े दो लोग बाल-बाल बच गए। घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इस घटना ने ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उधर कालसी–चकराता मोटर मार्ग पर भी एक बोलेरो और डस्टर कार की टक्कर में बोलेरो सड़क पर पलट गई। चकराता की ओर जा रहे यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
