देहरादून। राजधानी देहरादून में गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 25 जनवरी को जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य मंच और सभी ब्लॉकों में माननीय अतिथियों, विधायकों, दायित्वधारियों और गणमान्य नागरिकों के लिए सुचारू प्रवेश और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों के लिए सम्मानजनक व विशेष बैठने की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण, बेहतर साउंड सिस्टम, एंकर व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रवेश द्वारों और मुख्य मंच की साज-सज्जा को आकर्षक और गरिमामय बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने विकासपरक विभागीय झांकियों की सुचारू आवाजाही, सभी ब्लॉकों में पर्याप्त सीटिंग, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नोडल अधिकारियों को दिए। सभी अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से तैनात रहने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार सहित संबंधित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

परेड ग्राउंड में प्रवेश व्यवस्था
गेट नंबर 1: मुख्य मंच, गंगा व अलकनंदा ब्लॉक
गेट नंबर 2: भागीरथी ब्लॉक
गेट नंबर 3: परेड दल और झांकियां
गेट नंबर 4: आसन, टौंस और यमुना ब्लॉक व दर्शक
कार्यक्रम का समय निर्धारण
गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा।
10:00 बजे – परेड दलों की प्रतिबद्धता
10:20 बजे – माननीय मुख्यमंत्री का आगमन
10:28 बजे – माननीय राज्यपाल का आगमन
10:30 बजे – ध्वजारोहण और राष्ट्रगान
10:35 बजे – मार्च पास्ट, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
11:25 बजे – पुलिस मेडल वितरण
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय से पहले पहुंचकर सुरक्षा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें….ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
