देहरादून : भारतीय जनता पार्टी ने अंशुल राज घई को दूसरी बार जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन में उनके सक्रिय योगदान पर भरोसा जताया है। पुनर्नियुक्ति के बाद अंशुल राज घई ने अपने राजनीतिक गुरु जोगिंदर सिंह पुंडीर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगिंदर सिंह पुंडीर ने उन्हें संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में जिम्मेदारी केवल पद नहीं, बल्कि सेवा और जवाबदेही का अवसर होती है।
अंशुल राज घई ने नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन विस्तार को गति देने का संकल्प दोहराया।
पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उनकी पुनर्नियुक्ति पर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

