देहरादून : देहरादून में बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ 21 फरवरी को हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश मुख्य सचिव को दिए हैं। साथ ही डीजीपी को सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि 25 फरवरी तक आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

गौरतलब है कि स्कूल के नामकरण को लेकर हुए विवाद के दौरान शिक्षा निदेशालय में हाथापाई और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
