सीएम धामी
CM Pushkar Singh Dhami meets PM Narendra Modi, invites him to Uttarakhand; discusses key development projects
samvaad365: नई दिल्ली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया और राज्य की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विशेष उपहार भेंट किए।
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027, चारधाम यात्रा, नैनी-सैनी हवाई पट्टी और राजाजी नेशनल पार्क में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने देहरादून रिंग रोड, देहरादून-मसूरी रोड, ऋषिकेश में बिजली लाइनों के भूमिगतकरण और चम्पावत बाईपास जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को एक ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में हो रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चौपता, दुग्गलबिट्ठा, त्रियुगीनारायण और ऋषिकेश जैसे स्थान तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने आध्यात्मिक पर्यटन और शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की पहल पर भी चर्चा की। आदि कैलास यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को राज्य के लिए सकारात्मक संकेत बताया गया। साहसिक पर्यटन के तहत रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और कयाकिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की पहल का भी जिक्र किया। साथ ही “एक जिला-एक मेला”, क्लस्टर विद्यालय योजना और स्वरोजगार योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। उन्होंने दिल्ली-मेरठ RRTS को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण और टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना और देहरादून, हरिद्वार व कोटद्वार में डिफेंस इंडस्ट्रियल हब विकसित करने का अनुरोध किया।
रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में होम-स्टे योजना के तहत हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है और “Uttarastays” पोर्टल के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास, पर्यटन और रोजगार को लेकर अपना विजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रखा और राज्य के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
