देहरादून: 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) का शुभारम्भ करेंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य और जनभागीदारी से जोड़कर इसे जन-उत्सव का रूप दिया जाए।
धामी ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक हो और इसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे। गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत को विशेष रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी अपील की कि वे इस अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और रोड शो के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं…ताकि आयोजन स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से हो सके।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को राज्य के विकास के लिए अहम परियोजना बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे यात्रा समय में कमी आएगी और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी और राज्य को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाएगी।

बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
