चमोली: चमोली जनपद के खैनुरी गांव के पास बराली नामक स्थान के जंगल क्षेत्र में एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नवजात का शव मिलने की सूचना बाल कल्याण समिति गोपेश्वर द्वारा कोतवाली चमोली को दी गई।
सूचना मिलते ही चमोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए फॉरेंसिक टीम और एसओजी को घटनास्थल पर भेजा।
पुलिस के अनुसार फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने बताया कि घास काटने और पशु चराने गए लोगों को जंगल में नवजात शिशु का शव दिखाई दिया था।
पुलिस द्वारा किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में यह सामने आया है कि नवजात के शव के कुछ हिस्सों को किसी जंगली जानवर द्वारा खाए जाने के निशान हैं। शरीर पर जगह-जगह खरोंच भी पाई गई है। मौके पर मौजूद आशा कार्यकर्ता ने बताया कि शिशु पूर्ण रूप से विकसित था और उसकी गर्भावधि लगभग 7 से 8 माह की प्रतीत होती है।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की पहचान के प्रयास के लिए उसे 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद विधिवत पोस्टमार्टम किया जाएगा और जांच के लिए डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि नवजात की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मामले की जांच के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से जुड़ी जानकारी आशा कार्यकर्ताओं और अस्पतालों से जुटाई जा रही है, ताकि हर पहलू की गहराई से जांच की जा सके।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली (मोबाइल: 9411112860) या जिला नियंत्रण कक्ष (मोबाइल: 94111 12977) पर संपर्क कर सूचना दे। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
