टिहरी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और घटना सामने आई है। थौलधार ब्लॉक के सुल्याधार क्षेत्र में भालू ने ग्राम प्रधान और वन विभाग के कर्मी समेत तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुल्याधार के नीचे थापली तोक क्षेत्र में भालू की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और स्थानीय निवासी विनोद सिंह रावत जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान तीनों ने हिम्मत नहीं हारी और काफी देर तक भालू से संघर्ष करते रहे। आखिरकार उन्होंने भालू को वहां से भगा दिया, लेकिन इस दौरान तीनों के शरीर पर गहरे घाव हो गए। भालू ने अपने नाखूनों से उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को कंधों और कंडी के सहारे सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पिछले कुछ समय से भालू की गतिविधियां बढ़ गई हैं। कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज अभी भी जारी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों के खतरे से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को उजागर करती है, जहां जंगलों के नजदीक रहने वाले लोगों को लगातार जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।

