हल्द्वानी: हल्द्वानी को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए शहर में एआई आधारित इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगाया जाएगा। करीब 72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के लिए शासन से तकनीकी बिड को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन वित्तीय स्वीकृति का इंतजार होने से काम शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते शहर में रोजाना जाम की समस्या बनी हुई है।
एशियन डेवलपमेंट बैंक की मदद से लागू होने वाली इस योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लगाया जाएगा। इसमें ट्रैफिक घनत्व के अनुसार सिग्नल नियंत्रित करने वाला एडैप्टिव कंट्रोल सिस्टम, रेड लाइट उल्लंघन पकड़ने वाले कैमरे, ओवरस्पीड वाहनों की पहचान के लिए रडार और ई-चालान की सुविधा शामिल होगी।
शहर में 225 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और यात्रियों को ट्रैफिक व मौसम की जानकारी देने के लिए डिजिटल सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इन सभी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम लागू होने के बाद हल्द्वानी में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या में काफी कमी आएगी। फिलहाल परियोजना के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
