अल्मोड़ा: धौलादेवी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पॉलिटेक्निक कॉलेज दन्यां के छात्र सुहेल को संस्थान से निष्कासित कर दिया गया है। घटना की जानकारी प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई है। वहीं आरोपी को न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जिला कारागार भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार बीते गुरुवार को नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
बाद में नाबालिग के परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगतपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
