ऋषिकेश में घूमने आए तीन दोस्तों में से एक युवक चीला नहर में गिरकर बह गया। यह घटना सोमवार को चीला-ऋषिकेश मार्ग पर कुमाऊं सौड़ गुर्जर बस्ती के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, नोएडा से आए तीन दोस्त हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने निकले थे। इसी दौरान 26 वर्षीय आयुष नाम का युवक नहर के किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह सुरक्षा दीवार (पैराफिट) पार कर अंदर की ओर चला गया था। तभी उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने तुरंत लक्ष्मणझूला थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। टीम ने देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बताया कि युवक के साथ आए दोनों दोस्त सुरक्षित हैं। फिलहाल लापता युवक की तलाश जारी है।
सावधानी की अपील: प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि नदियों और नहरों के किनारे सेल्फी लेते समय सावधानी बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।