देहरादून: नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर निगम के बेड़े में शामिल किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी और 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का भी विमोचन किया। इसके साथ ही कठिन परिस्थितियों में ईमानदारी और निष्ठा से काम करने वाले परिवहन निगम के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में मजबूत परिवहन व्यवस्था बेहद जरूरी है। सरकार परिवहन निगम को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर काम चल रहा है….जिनमें 4 आईएसबीटी शामिल हैं। आने वाले समय में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें भी जोड़ी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी बेहतर होगी। सरकार ने परिवहन निगम के कर्मचारियों के हित में डीए बढ़ोतरी, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने और नई भर्तियों के जरिए मैनपावर की कमी दूर करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को सेवा का माध्यम मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
