गंगा आरती स्थल पर 7 फीट का सांप दिखा
ऋषिकेश में गंगा किनारे स्थित एक आरती स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां अचानक करीब सात फीट लंबा कॉपरहेड सांप निकल आया। यह स्थान आमतौर पर श्रद्धालुओं से भरा रहता है, ऐसे में सांप दिखने से लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप को देखते ही लोग इधर-उधर हटने लगे और मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया, जिससे वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग के रेंजर जीएस धमन्दा ने बताया कि यह सांप दुर्लभ प्रजाति का है, जिसे स्थानीय तौर पर “वन सुंदरी” कहा जाता है। इसकी लंबाई करीब सात फीट है और यह आमतौर पर घने जंगलों में पाया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि यह सांप दूर से देखने पर कोबरा जैसा लगता है और इसका फन चपटा होता है, लेकिन यह अपेक्षाकृत कम जहरीला होता है।

