मुंबई : मुंबई के कांदिवली (पूर्व) स्थित ठाकुर इंजीनियरिंग कॉलेज ग्राउंड में गढ़वाल भ्रातृ मंडल, मुंबई द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय मुंबई उत्तराखंड महोत्सव 2025 का आयोजन धूमधाम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव का उद्घाटन मां नंदा देवी की कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें सैकड़ों उत्तराखंडी महिलाएं अपने पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं। पहली बार कलश यात्रा के साथ स्थानीय कलाकारों ने वाद्य यंत्र बजाते हुए छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया।

तीन दिनों तक उत्तराखंड के गायक सौरभ मैठाणी, माया उपाध्याय, दर्शन फर्स्वाण और ललित गीत्यार ने अपने गीतों से मुंबईकरों का मन मोह लिया। वहीं स्थानीय कलाकार सुरेश काला, रत्ना कुंवर, सरिता पौडेल, प्रतिभा कठैत, श्याम आर्य, प्रदीप रावत और दीपक रावत ने सुरम्य प्रस्तुतियों से महोत्सव में चार चाँद लगाए। रेशमा रौथाण ग्रुप, प्रेरणा नेगी ग्रुप और पुष्य बिष्ट ग्रुप ने लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

महोत्सव में विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। उपस्थित रहे बोरीवली विधायक संजय उपाध्याय, दहिसर विधायक मनीषा ताई चौधरी, पूर्व नगर सेवक प्रकाश दरेकर, प्रसिद्ध सीने अभिनेता हेमंत पांडे, अदिति पांडे, प्राची जोशी और अन्य गणमान्य लोग। महोत्सव के दौरान रिल प्रतियोगिता की विजेता आयशा तड़ियाल को लोक गायक ललित गीत्यार के हाथों ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

सुसज्जित पंडाल के चारों ओर पहाड़ी व्यंजनों और परिधानों के स्टॉल लगे, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए लोग उत्सुक दिखे। तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन सुरेंद्र भट्ट और धनंजय रावत ने किया, जबकि सत्कार समारोह का संचालन डॉ. राजेश्वर उनियाल ने बखूबी किया।
गढ़वाल भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष और पदाधिकारी गणों ने अतिथियों का स्वागत किया और सांस्कृतिक सचिव एडवोकेट सरोज ममगाईं ने समापन पर सभी का आभार व्यक्त किया।
