अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बीचों-बीच स्थित घर में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंगा देवी (पत्नी मोहन सिंह) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। पुलिस के मुताबिक, महिला के गले का गलोबंद गायब था और शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश और भय व्याप्त हो गया। पुलिस ने बताया कि गंगा देवी अकेले घर में रहती थीं, जबकि उनका पति मोहन सिंह लमगड़ा बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं। शुक्रवार सुबह जब महिला दिखाई नहीं दी, तो पड़ोसियों ने घर जाकर देखा। दरवाजा खुला हुआ था, टीवी चालू था और गंगा देवी बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी मिली। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत पति और दूर चंडीगढ़ में नौकरी कर रहे बेटे रविंद्र को दी। दोनों तुरंत गांव पहुंचे और मामले की सूचना लमगड़ा पुलिस थाने को दी।
थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने बताया कि मृतका के कान से खून बह रहा था और गले पर चोट के निशान थे। घर के अन्य आभूषण सुरक्षित मिले, जिससे घटना में लूटपाट की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, घर गांव के बीच में होने और आसपास लोगों की आवाजाही के कारण कई सवाल भी खड़े हुए हैं। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
