नैनीताल शहर में शनिवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया। बीडी पांडे अस्पताल में एक कक्षा 9 की छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया। किशोरी के मां बनने की खबर फैलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक महिला अपनी 14 वर्षीय बेटी को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि किशोरी गर्भवती है। इसी बीच सामान्य प्रसव से उसने बच्ची को जन्म दिया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
कोतवाल हेम पंत के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि किशोरी की पहचान आरोपी युवक सूरज (निवासी अल्मोड़ा) से फेसबुक के जरिए हुई थी। सूरज तीन साल पहले काम की तलाश में नैनीताल आया था और एक रेस्टोरेंट में नौकरी करने लगा। करीब दो साल पहले सोशल मीडिया पर किशोरी से दोस्ती हुई और धीरे-धीरे संबंध बनने लगे। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से किशोरी का शोषण कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और सूरज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया जा रहा है।
एसपी यातायात एवं अपराध डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि यह मामला गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। किशोरी और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जा रही है और बच्ची की देखभाल के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।
किशोरी के परिजन बेहद सदमे में हैं। पिता होटल में और मां घरों में काम कर परिवार का खर्च चलाते हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें बेटी की इस स्थिति की जानकारी नहीं थी।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चित हो गया है और शहरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने अपील की है कि लोग बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
