
नैनीताल नगर के मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। 1863 में निर्मित इस भवन की ऊपरी मंजिल में आग इतनी तेजी से फैल गई कि एक महिला की जान चली गई। मृतका की पहचान वरिष्ठ इतिहासकार प्रोफेसर अजय रावत की बहन शांता बिष्ट (86) के रूप में हुई। वे अपने बेटे निखिल के साथ उसी भवन में रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात लगभग 9:54 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अंदर फंसे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग की विकरालता को देखते हुए एहतियातन आसपास की दुकानों और घरों को खाली कराया गया। साथ ही विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
रात 12:30 बजे तक दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरी ऊपरी मंजिल जलकर खाक हो चुकी थी। मलबा हटाने के दौरान शांता बिष्ट का शव बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में अन्य किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भवन को भारी नुकसान पहुंचा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही आईजी रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी पीएन मीणा, एडीएम शैलेश नेगी और एसडीएम नवाजिश खलीक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि भवन में रह रहे अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया, “फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। एक महिला का शव बरामद हुआ है। अन्य नुकसान का आकलन जारी है।” ओल्ड लंदन हाउस शहर की पहचान रहा है। इस हादसे से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और लोग ऐतिहासिक धरोहर के नष्ट होने पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।