
गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत बुधवार को ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने आदर्श नगर, हीरा लाल मार्ग में आयोजित पांचवां गणेश महोत्सव 2025 और पुष्कर मंदिर मार्ग स्थित श्री सिद्ध गणेश मंदिर में आयोजित 32वां गणेशोत्सव में भाग लिया। इन आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इन पर्वों को आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव जैसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। यह पर्व केवल धार्मिक महत्व का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और परंपरा को आगे बढ़ाने का भी संदेश देता है।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी निष्ठा और सहयोग ने इस परंपरा को जीवित रखा है और सभी को भक्ति एवं उत्साह से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने भगवान गणेश से समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि, मंगलमय वातावरण और सबके मनोरथ पूर्ण होने की कामना की।
इस मौके पर महापौर ऋषिकेश शम्भू पासवान, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्त्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। माहौल में भक्तिरस और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयघोष के बीच पूजा-अर्चना की और परिवार व समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।