
देहरादून के परेड ग्राउंड में 79वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस एवं फायर सर्विस कर्मियों, तथा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राज्य हित में 6 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- विद्यालयों में गैस चूल्हा व सिलेंडर की सुविधा – जहां मिड-डे मील के लिए यह उपलब्ध नहीं है।
- 10-10 हैंडपंप – पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में।
- ग्राम चौकीदार व ग्राम प्रहरी का मानदेय – ₹1,000 की वृद्धि।
- सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों का मानदेय – ₹2,000 की वृद्धि।
- विशेष शैक्षणिक केंद्र – दूरस्थ और रोजगारोन्मुख उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु, संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा।
- गंगोत्री ग्लेशियर सहित हिमालयी क्षेत्रों का नियमित अध्ययन – आपदा प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और 2047 तक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने उत्तराखंड के विकास, पर्यटन, कृषि, उद्योग, खेल, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने हाल की प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि पुनर्वास कार्य पूरी संवेदनशीलता और गति से पूरे किए जाएंगे।