देहरादून के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्राओं की ओर से फिजिक्स के शिक्षक पर अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगाए जाने के बाद हंगामा हो गया। मामले में परिजनों ने आरोप लगाया है कि शिकायत करने वाली छात्राओं की संख्या करीब 15 है। शुक्रवार को छात्राओं के परिजन शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, जिसके बाद स्कूल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
परिजनों के मुताबिक, छात्राओं ने शिक्षक के व्यवहार को लेकर स्कूल के प्रिंसिपल से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत पर उचित कार्रवाई करने के बजाय प्रिंसिपल ने छात्रा से उन्हें छूकर बताने को कहा कि किस तरह गलत तरीके से छुआ गया। इस कथित व्यवहार को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई और स्कूल प्रबंधन पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया।
वहीं, शिकायत लेकर स्कूल पहुंची एक छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें परिसर के भीतर रोक लिया और बाहर नहीं जाने दिया। उन्होंने इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए पुलिस पर भी स्कूल का पक्ष लेने का आरोप लगाया। इस दौरान स्कूल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, सीओ डालनवाला के अनुसार, फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में छात्राओं की शिकायत, स्कूल प्रबंधन का पक्ष और पुलिस की जांच अहम होगी। अब देखना होगा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है और छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

