उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है। पहाड़ों की रानी मसूरी में अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना फिल्म की शूटिंग करते नजर आए। दोनों सितारों ने शहर के माल रोड और लाइब्रेरी चौक पर शूटिंग की। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक शूटिंग स्थल पर पहुंच गए।
मसूरी में जैसे ही अक्षय कुमार और राशि खन्ना की शूटिंग की खबर फैली, फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग अपने पसंदीदा सितारों को देखने और उनकी तस्वीरें लेने के लिए बेताब नजर आए। हालांकि, शूटिंग के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसके चलते प्रशंसकों को कलाकारों की स्पष्ट तस्वीरें लेने का ज्यादा मौका नहीं मिल पाया।
फिल्म यूनिट की ओर से शहर के अलग-अलग स्थानों पर शूटिंग की योजना बनाई गई है। मौसम साफ रहने के बाद मसूरी के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी फिल्म की शूटिंग हो सकती है। इससे आने वाले दिनों में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी देखने का मौका मिल सकता है। फिल्म की शूटिंग को लेकर शहर में उत्सुकता बनी हुई है।
इससे पहले बुधवार को भी मसूरी में शूटिंग की तैयारी की गई थी। सुबह करीब नौ बजे एक होटल के नजदीक सेट तैयार किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसे हटा दिया गया और शूटिंग नहीं हो सकी। होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल के अनुसार, उनके होटल के पास शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, उस दौरान अक्षय कुमार की पीठ में खिंचाव आने के कारण शूटिंग रुकने की बात सामने आई थी। उनके गेस्ट हाउस में उपचार किए जाने की जानकारी भी मिली थी। हालांकि, स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने इस संबंध में जानकारी देने से इनकार किया था।
मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। उनके वहां पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई थी। अब माल रोड और लाइब्रेरी चौक पर फिल्म की शूटिंग से मसूरी में बॉलीवुड को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

