देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग यानी UPL की क्लोजिंग सेरेमनी से पहले हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर विवाद शुरू हो गया है। एक अक्टूबर को होने वाली UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड यानी CAU के सोशल मीडिया हैंडल और पदाधिकारियों की ओर से भी उनकी प्रस्तुति की जानकारी सामने आई है।
मासूम शर्मा का नाम इससे पहले भी देहरादून में एक विवाद को लेकर चर्चा में रहा है। इसी साल अप्रैल में DAV पीजी कॉलेज के छात्रसंघ समारोह में उनकी प्रस्तुति के दौरान मंच से अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगा था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था। इसके बाद डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी। बाद में पुलिस ने मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। विवाद के बाद सिंगर ने वीडियो जारी कर अपने व्यवहार पर खेद भी जताया था। वहीं हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से भी मामले में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
अब जब मासूम शर्मा एक बार फिर देहरादून में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने जा रहे हैं, तो बजरंग दल ने इस पुराने विवाद का हवाला देते हुए प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति रखने का फैसला किया है। संगठन के प्रांतीय मिलन प्रमुख भगवा विकास वर्मा के मुताबिक, बजरंग दल सोमवार को जिला प्रशासन से मुलाकात कर आपत्ति पत्र सौंपेगा।
संगठन का कहना है कि बड़े कलाकारों को युवा बड़ी संख्या में फॉलो करते हैं, इसलिए सार्वजनिक मंचों पर भाषा और प्रस्तुति की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। बजरंग दल ने प्रशासन से अपील करने की बात कही है कि UPL कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक या अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल न हो।
वहीं संगठन की ओर से यह भी कहा गया है कि उसका विरोध किसी कलाकार के कार्यक्रम से नहीं, बल्कि सार्वजनिक मंच पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर है। फिलहाल UPL की क्लोजिंग सेरेमनी में मासूम शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित है। दूसरी ओर, बजरंग दल की आपत्ति और प्रशासन को दिए जाने वाले पत्र के बाद इस मामले पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है। आयोजकों और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर अंतिम स्थिति क्या रहती है, यह भी आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

