वायुसेना
चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के कोठी गांव निवासी भारतीय वायुसेना के जवान आशीष जुयाल का 37 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पालम स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 15 सितंबर की रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आशीष के निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव कोठी और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे वायुसेना के जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर पैतृक निवास पहुंचे। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आशीष के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने नम आंखों से देश की सेवा करने वाले जवान को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक घाट घटबगड़ ले जाया गया, जहां वायुसेना के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी।
अंतिम संस्कार के दौरान वायुसेना के वारंट ऑफिसर संजय कुमार समेत कई अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आशीष अपने पीछे मां देवेश्वरी, पत्नी संध्या और छह साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। जवान के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम विदाई के दौरान मौजूद हर आंख नम नजर आई।
आशीष जुयाल के निधन से कोठी गांव समेत पूरे देवाल क्षेत्र में शोक का माहौल है। देश की सेवा में तैनात जवान को उनके पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

