फिल्म पुरस्कार
उत्तराखंड में फिल्म निर्माण और इससे जुड़े कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहली बार ‘उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार 2024 एवं 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्ष 2024 और 2025 में बनी और उत्तराखंड में फिल्मांकित फिल्मों को पुरस्कारों के लिए शामिल किया जाएगा।
इन पुरस्कारों में केवल फिल्मों को ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों और रचनात्मक क्षेत्र के लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। राज्य की क्षेत्रीय बोलियों में बनी फिल्मों के साथ हिंदी और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं में बनी फिल्मों को भी पुरस्कार प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
उत्तराखंड फिल्म बोर्ड की ओर से पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर निर्धारित की गई है। ऐसे में वर्ष 2024 और 2025 में बनी फिल्मों से जुड़े निर्माता और संबंधित प्रतिभागी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी क्षेत्र और ऐतिहासिक स्थल लगातार फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक प्रदेश में 1,440 से अधिक फिल्मों की शूटिंग और एनओसी से जुड़ी गतिविधियां हो चुकी हैं।
राज्य सरकार की ओर से फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए अनुदान भी दिया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक कुल 52 फिल्मों को अनुदान दिया गया है। इनमें गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और हिंदी फिल्में शामिल हैं। वहीं, वर्ष 2025-26 में ही 25 फिल्मों को वित्तीय सहायता दी गई।
पुरस्कारों में सर्वोत्तम फिल्म के लिए दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पहली बार आयोजित हो रहे उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों से प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म निर्माताओं को अपनी प्रतिभा और काम को पहचान दिलाने का मंच मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब फिल्म जगत से जुड़े लोगों की नजरें पुरस्कारों की घोषणा पर टिकी हैं।

