पौड़ी में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव विभागीय आवास से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। कर्मचारी बीते 22 अगस्त से कार्यालय नहीं पहुंचा था। बुधवार को आवास से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर कर्मचारी मृत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 41 वर्षीय जितेंद्र प्रसाद थपलियाल पुत्र गोविंद राम के रूप में हुई है। वह टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र के बसली गांव के निवासी थे और पौड़ी में विभागीय कॉलोनी स्थित आवास में अकेले रहते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। सीओ सदर तपेश कुमार चंद ने बताया कि कर्मचारी के 22 अगस्त से कार्यालय से अनुपस्थित होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल कर्मचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। कई दिनों तक आवास से बाहर नहीं निकलने के कारण आसपास के लोगों को भी घटना की भनक नहीं लगी। बुधवार को दुर्गंध आने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

