उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की 15 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार इन भर्तियों के विज्ञापन इसी साल जारी होंगे, जबकि परीक्षाएं सितंबर 2026 से शुरू होकर फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं।
सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं
पहले से जारी भर्ती विज्ञापनों के तहत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तारीख तय कर दी गई है। पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा 20 सितंबर को होगी। वहीं सहायक बोरिंग टेक्नीशियन और कंप्यूटर प्रोग्रामर की परीक्षा 27 सितंबर को प्रस्तावित है।
इसके बाद कनिष्ठ कैमरामैन, फोटोकॉपी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, शोध अधिकारी और फोटोग्राफर की परीक्षा 4 अक्तूबर को होगी। कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक के पदों के लिए परीक्षा 11 अक्तूबर को प्रस्तावित है।
इन पदों की भी तय हुई तारीख
साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक की परीक्षा 18 अक्तूबर को होगी। वहीं लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और अनुदेशक के पदों की परीक्षा 25 अक्तूबर को प्रस्तावित है। पर्यटन अधिकारी की परीक्षा 1 नवंबर को होगी।
इसके अलावा सहायक लेखाकार की परीक्षा 4 अक्तूबर, कृषि अर्हता वाले पदों की परीक्षा 11 अक्तूबर और कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 व वैयक्तिक सहायक की परीक्षा 25 अक्तूबर को प्रस्तावित है।
नई भर्तियों का भी जारी हुआ शेड्यूल
UKSSSC ने नई भर्तियों के विज्ञापन और परीक्षा की संभावित तारीखें भी जारी कर दी हैं। इंटर स्तरीय कनिष्ठ सहायक भर्ती का विज्ञापन 31 अगस्त को और परीक्षा 15 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।
वैयक्तिक सहायक का विज्ञापन 7 सितंबर और परीक्षा 1 नवंबर को होगी। वन निगम स्केलर भर्ती का विज्ञापन 8 सितंबर को जारी होगा, जबकि शारीरिक दक्षता परीक्षा 19 नवंबर से प्रस्तावित है।
इसके अलावा टाइगर गार्ड, वन आरक्षी, सचिवालय रक्षक और बंदीरक्षक भर्ती का विज्ञापन 11 सितंबर को आएगा और शारीरिक दक्षता परीक्षा 27 दिसंबर से प्रस्तावित है।
फरवरी 2027 तक चलेगा भर्ती अभियान
सहायक अध्यापक संस्कृत भर्ती का विज्ञापन 14 सितंबर और परीक्षा 6 दिसंबर को प्रस्तावित है। वहीं आईटीआई डिप्लोमा अर्हता वाले पदों का विज्ञापन 25 सितंबर और परीक्षा 13 दिसंबर को होगी।
इसके बाद विशिष्ट अर्हता, स्नातक अर्हता और सहायक विकास अधिकारी समेत कई भर्तियों का क्रम जारी रहेगा। सहायक विकास अधिकारी भर्ती की परीक्षा 21 फरवरी 2027 को प्रस्तावित की गई है। यानी उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले महीनों में भर्तियों और परीक्षाओं का बड़ा सिलसिला शुरू होने जा रहा है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और अपनी तैयारी परीक्षा तिथियों के अनुसार करें।

