श्रीनगर गढ़वाल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। हैरानी की बात यह है कि जिस एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए किया जाता है, उसी में गांजे की खेप ले जाई जा रही थी। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, श्रीनगर कोतवाली क्षेत्र में आवास विकास ग्राउंड के पास पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक निजी इको एंबुलेंस पुलिस को संदिग्ध लगी। पुलिस ने एंबुलेंस को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो अंदर रखे नौ कट्टों से करीब 90 किलो गांजा बरामद हुआ।
बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय रविंद्र सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपी टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर क्षेत्र के चौरास का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट क्षेत्र में एंबुलेंस का संचालन करता है। पुलिस के अनुसार, वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था। यहां गांजे को अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

