स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली उत्तराखंड की बेटी उन्नति शर्मा का देहरादून पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। राजधानी के डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और तालियों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया गया।
विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने उन्नति शर्मा की इस उपलब्धि को उत्तराखंड और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। समारोह के दौरान स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। विद्यार्थियों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और उनकी सफलता पर खुशी जाहिर की।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों से अपील की कि वे उन्नति शर्मा की उपलब्धि से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि उन्नति भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए और अधिक पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
अपने सम्मान से अभिभूत उन्नति शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कांस्य पदक उनके परिवार, कोच, सहयोगियों और देशवासियों के विश्वास व समर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है और इसके लिए वह पहले से भी अधिक मेहनत करेंगी।
उत्तराखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्नति शर्मा की यह सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक नई प्रेरणा बनकर सामने आई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलती रहें तो उत्तराखंड आने वाले वर्षों में देश को कई अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी दे सकता है। उन्नति शर्मा की उपलब्धि ने एक बार फिर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

