द्रौपदी मुर्मू
देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी एक बार फिर ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 और 13 जून को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगी और 13 जून को आईएमए की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगी। इस समारोह के बाद कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर देश सेवा के लिए नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए आईएमए में तैयारियां जोरों पर हैं। कैडेट्स विशेष ड्रिल और मार्चिंग अभ्यास में जुटे हुए हैं। वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लगातार प्रशिक्षण की निगरानी कर रहे हैं ताकि परेड का आयोजन भव्य और अनुशासित ढंग से हो सके।
इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में खास रहने वाली है। महिला कैडेट्स भी परेड का हिस्सा बनेंगी, जिससे यह समारोह और अधिक ऐतिहासिक बन जाएगा। अकादमी में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।
गौरतलब है कि भारतीय सैन्य अकादमी की स्थापना वर्ष 1932 में हुई थी। तब इसकी प्रशिक्षण क्षमता केवल 40 जेंटलमैन कैडेट्स की थी, जो अब बढ़कर 1650 तक पहुंच चुकी है। अब तक 64 हजार से अधिक कैडेट्स यहां से प्रशिक्षण लेकर भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट हैं। देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है ताकि कार्यक्रम का सफल और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

