नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर भाजपा के नारों और सांस्कृतिक रंगों से पूरी तरह सराबोर नजर आया।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक परिधानों में राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। अधिकांश महिलाएं पीली साड़ी और पारंपरिक नथ पहनकर पहुंचीं, जिसने स्वागत समारोह को उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जोड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति अपना उत्साह और सम्मान प्रकट किया।
एयरपोर्ट से लेकर देहरादून शहर तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पार्टी कार्यकर्ता फूल-मालाएं लेकर खड़े दिखाई दिए। जगह-जगह भाजपा समर्थकों ने नितिन नवीन का अभिनंदन कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी की कोर कमेटी, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष संतों, शिक्षाविदों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर सकते हैं।
नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
देहरादून में पारंपरिक स्वागत और भारी जनसमर्थन ने यह साफ कर दिया कि भाजपा संगठन राज्य में अपनी पकड़ को और मजबूत करने की दिशा में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।

