देहरादून: उत्तराखंड में होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय ने राज्यभर में कुल 920 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सभी जिलों में आरक्षण के आधार पर रिक्तियों का निर्धारण कर लिया गया है। सबसे ज्यादा पद हरिद्वार और देहरादून जिलों में रखे गए हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाएगी…जिसमें जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। 30 अप्रैल को विज्ञापन जारी होगा…जबकि 1 मई को अखबारों में प्रकाशित किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 22 मई तय की गई है। इसके बाद 23 मई से 4 जून तक आवेदन पत्रों की जांच होगी और 6 जून से शारीरिक मापतोल की प्रक्रिया शुरू होगी।
निर्देश दिए गए हैं कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों के परिजनों को ड्यूटी में नहीं लगाया जाएगा।
इस भर्ती के जरिए राज्य के युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है।

