हल्द्वानी: हल्द्वानी में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन उड़ाने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मथुरा निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो अपने पति और नाबालिग बेटियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मार्च महीने में दो महिलाओं ने ई-रिक्शा और ऑटो में सफर के दौरान मंगलसूत्र चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आरोपी महिला मुस्कान को हल्द्वानी रोडवेज के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला अपनी बेटियों को भी चोरी के लिए इस्तेमाल करती थी। वारदात के दौरान एक बच्ची महिला को चुटकी या दांत से काटती थी…जिससे ध्यान भटकता था और उसी दौरान आरोपी महिला दांत से मंगलसूत्र या चेन काटकर फरार हो जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला का पति भी इस गिरोह में शामिल है और उसके खिलाफ आगरा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
गिरफ्तार महिला छह माह की गर्भवती है और उसके पास से करीब पांच लाख रुपये के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

