रानीखेत : कर्नाटक में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने रानीखेत में शोक की लहर दौड़ा दी है। इस हादसे में स्थानीय युवक कार्तिकेय शर्मा की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
कार्तिकेय, उत्तर प्रदेश के पूर्व एमएलसी स्वर्गीय बीडी शर्मा के प्रपौत्र और कांग्रेसी नेता त्रिभुवन शर्मा के पुत्र थे। वह परिवार के इकलौते बेटे थे और कर्नाटक के एक संस्थान से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि कार्तिकेय अपने दो दोस्तों के साथ किसी काम से कार में निकले थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उस समय परिजन हल्द्वानी में एक समारोह में शामिल थे। सूचना मिलते ही वे कर्नाटक के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक कार्तिकेय दम तोड़ चुके थे।
बुधवार को कर्नाटक में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कार्तिकेय के निधन से रानीखेत में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
