देहरादून : राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने भाजपा नेता पर हमला कर उनका अपहरण करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस को दी शिकायत में नयागांव सेवलाखुर्द निवासी हर्ष वालिया ने बताया कि 18 अप्रैल को वह एक विवाद के सिलसिले में क्लेमेनटाउन थाने गए थे, जहां दूसरे पक्ष के कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पीड़ित के अनुसार 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड क्षेत्र में एक दुकान से लौट रहे थे। इसी दौरान पहले एक कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और पीछे से आ रही दूसरी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद कार से उतरे आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि एक युवक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी, जबकि अन्य आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की।
पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और पास के एक मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
