देहरादून : राजधानी देहरादून में महिला दारोगा से मारपीट और गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण सेमवाल और उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां 9 अप्रैल को यशपाल सिंह निवासी श्यामपुर अंबीवाला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रवीण सेमवाल, जो वर्ष 2020 से उनके यहां काम कर रहा था, ने विश्वास का फायदा उठाते हुए अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची।
आरोप है कि प्रवीण ने ऑफिस के कैश काउंटर की नकली चाबी बनाकर लाखों रुपये की चोरी की। साथ ही उसने रोड़ी, बजरी, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री भी बिना जानकारी के बेच दी और रकम हड़प ली। जांच में करीब 55 लाख रुपये के गबन की बात सामने आई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। इसी दौरान उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई के साथ थाने पहुंची और वहां हंगामा करने लगी। आरोप है कि इस दौरान प्रतीक्षा ने महिला दारोगा के साथ मारपीट भी की।
इस घटना के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
