चंपावत : उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खेल अभ्यास के दौरान एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई।
जिला मुख्यालय स्थित गोरल चौड़ मैदान में शनिवार को आयोजित हो रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के अभ्यास के दौरान यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, मैदान में कुछ छात्र फुटबॉल का अभ्यास कर रहे थे, जबकि दूसरी ओर जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) का अभ्यास चल रहा था।
इसी दौरान एक छात्र द्वारा फेंका गया भाला फुटबॉल खेल रहे 20 वर्षीय छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा। भाला कंधे के पास गर्दन में गहराई तक धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और ऑक्सीजन सप्लाई रुकने के कारण उसकी मौत हुई।
मृतक सोमेंद्र सिंह बोहरा रीठा साहिब क्षेत्र के मछियाड गांव के निवासी थे और चंपावत में रहकर पॉलिटेक्निक के द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता गुजरात में नौकरी करते हैं और घटना की सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
इस घटना ने खेल आयोजन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पॉलिटेक्निक में खेल शिक्षक की कमी है और बिना विशेषज्ञ निगरानी के प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
